हल्द्वानी - शादी के महज तीन दिन में छूटा सात जन्मों का साथ, पत्नी के साथ ससुराल जाते समय पति की हो गई मौत 

 | 

बागेश्वर/ हल्द्वानी - शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं जब नवविवाहिता के संग ससुराल जा रहे युवक की अचानक हृदयगति रुकने से मौत हो गई। युवक की हाल ही में शादी हुई थी और वह पत्नी के साथ पहली बार ससुराल जा रहा था। लेकिन रास्ते में आई यह अनहोनी दोनों परिवारों के लिए गहरा सदमा बन गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बागेश्वर जनपद के ग्राम पंचायत बिमौना पाचन निवासी नवीन कुमार (27 वर्ष), पुत्र रणजीत राम की 9 मई को धूमधाम से शादी हुई थी। विवाह के बाद पूरे परिवार में उत्साह और खुशी का माहौल था। 12 मई को नवीन अपनी पत्नी के साथ पहली बार ससुराल जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा।परिजनों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी बेस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि उनकी मौत हृदयगति रुकने के कारण हुई। इस दुखद घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। घर में जहां कुछ दिन पहले शहनाइयों की गूंज थी, अब वहां मातम पसरा हुआ है। परिजन गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।




 

WhatsApp Group Join Now