हल्द्वानी - EVCL क्रिकेट लीग फर्जीवाड़ा, टीम मालिकों से 32 लाख की ठगी आयोजक गिरफ्तार, दो बैंक खाते फ्रीज

 | 
हल्द्वानी - EVCL क्रिकेट लीग फर्जीवाड़ा, टीम मालिकों से 32 लाख की ठगी आयोजक गिरफ्तार, दो बैंक खाते फ्रीज

हल्द्वानी - गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली बहुचर्चित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर हुए फर्जीवाड़े का एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने खुलासा किया है। काठगोदाम पुलिस ने दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के लेनदेन से जुड़े दो बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को वादी हेमंत शर्मा निवासी झज्जर (हरियाणा) एवं नारायण पाल, पूर्व विधायक सितारगंज निवासी हल्द्वानी द्वारा थाना काठगोदाम में तहरीर दी गई थी। आरोप लगाया गया कि EVCL क्रिकेट लीग के आयोजक विकास ढाका ने क्रिकेट लीग के आयोजन के नाम पर हेमंत शर्मा से 23 लाख रुपये और नारायण पाल से 9 लाख रुपये की ठगी की। तहरीर के आधार पर थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 13/2026 व 14/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 फरवरी 2026 को आरोपी विकास ढाका को मल्ला काठगोदाम से गिरफ्तार कर लिया।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम पर दिया झांसा - 
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी समेत कई अंतरराष्ट्रीय व रणजी खिलाड़ियों के शामिल होने का झांसा देकर टीम मालिकों को गुमराह किया। हेमंत शर्मा को ‘यूपी वॉरियर्स’ टीम की फ्रेंचाइजी 50 लाख बताकर 30 लाख में देने का लालच दिया गया, जिसमें उन्होंने 23 लाख रुपये का भुगतान किया।वहीं, नारायण पाल ने ‘उत्तराखंड सोल्जर्स’ टीम के लिए 9 लाख रुपये का भुगतान किया, जिसमें नगद राशि के साथ प्रचार-प्रसार पर किए गए खर्च भी शामिल थे।

 

टूर्नामेंट शुरू न होने पर खुला राज - 
टूर्नामेंट की शुरुआत 1 फरवरी 2026 तय थी, लेकिन निर्धारित तिथि के बाद भी आयोजन नहीं हुआ। पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा टालमटोल की गई। बाद में पता चला कि जिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम लिए गए थे, उन्हें आयोजन की कोई जानकारी ही नहीं थी। न तो लीग से जुड़ा कोई लोगो, ड्रेस या प्रचार सामग्री तैयार की गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूर्व नियोजित तरीके से क्रिकेट लीग के नाम पर ठगी की। मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: विकास ढाका
पिता का नाम: यशवीर सिंह ढाका
निवास: A-162, सेक्टर, नोएडा, उत्तर प्रदेश
उम्र: 35 वर्ष

 

WhatsApp Group Join Now