हल्द्वानी - गीजर ठीक करने के बहाने घर में घुसा, अलमारी से उड़ाए सोने के कड़े, 2.29 लाख रुपये बरामद, आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी - गीजर ठीक करने के बहाने घर में घुसकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले के दो सोने के कड़े और 2.29 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी चोरी के जेवर बेचकर हासिल की गई थी। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल पुत्र स्व. यशपाल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर में गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी सिटी हरबंस सिंह और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस की टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान -
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी और पतारसी के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, बनभूलपुरा के रूप में की। पुलिस ने 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
जेवर बेचकर हासिल किए थे 2.29 लाख रुपये -
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कड़े, जिनका वजन करीब पांच तोला बताया गया है, बरामद किए। इसके अलावा 2 लाख 29 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी किए गए आभूषण बेचकर यह रकम हासिल की थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी ने टीम को दो हजार रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।





