Haldwani Double Murder - शुभम और लक्ष्मी के आपसी सम्बंध तलाश रही है पुलिस, SSP ने दी यह अहम जानकारी
हल्द्वानी - बरेली रोड स्थित नवीन मंडी परिसर में गुरुवार सुबह युवक और युवती के सिर कुचले शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों मृतकों की शिनाख्त कर ली है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जांच कई अहम बिंदुओं पर आगे बढ़ रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मृतक युवती की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ली पोखरी की निवासी थी। वह बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वहीं मृतक युवक की पहचान शुभम उर्फ गोलू टम्टा (31) निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शुभम नशे का आदी था और हल्द्वानी में मनन नशा मुक्ति केंद्र में काम करता था।
किराए के कमरे में साथ रहते थे दोनों -
जांच में सामने आया है कि शुभम और लक्ष्मी मुखानी चौराहे के पास एक किराए के कमरे में साथ रह रहे थे। पुलिस दोनों के संबंधों और घटना से पहले की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।
सिर कुचलकर की गई हत्या -
प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल से खून से सने पत्थर और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
कुछ लोग हिरासत में -
एसएसपी ने बताया कि घटना में संलिप्तता के शक में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम मंडी परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच की जा रही है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा किया जाएगा।
