हल्द्वानी - देवरानी ने जेठानी के साथ कर दिया कांड, इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील सामग्री डालने का आरोप 
 

 | 
हल्द्वानी - देवरानी ने जेठानी के साथ कर दिया कांड, इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील सामग्री डालने का आरोप 

हल्द्वानी - कोतवाली क्षेत्र के तीनपानी इलाके में एक पारिवारिक विवाद गंभीर साइबर अपराध और धमकी के मामले में बदल गया है। एक महिला ने अपनी देवरानी पर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी और उसकी नाबालिग बेटी की तस्वीरों एवं वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी गाजियाबाद निवासी देवरानी ने उसके और उसकी नाबालिग पुत्री के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। आरोप है कि उस आईडी के माध्यम से आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए गए, जिनमें अश्लील गानों और गलत टिप्पणियों का उपयोग किया गया।

इसके अलावा पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर देवरानी और उसकी सास द्वारा मोबाइल फोन पर जान से मारने और दुर्घटना कराने की धमकी दी गई। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसी वर्ष 3 जनवरी को देवरानी ने घर में घुसकर ईंट से हमला कर घायल करने का प्रयास किया।

पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसे न्यायालय का सहारा लेना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर अब हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना अध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि मामले में सभी आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now