हल्द्वानी - कांग्रेस की ‘जय हिंद सभा’, सेना के शौर्य को किया नमन, केंद्र सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेसी
हल्द्वानी - रविवार को रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित ‘जय हिंद सभा’ में भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत दिखाए गए अदम्य साहस और वीरता को श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभा में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, राष्ट्रीय महासचिव काजी निजामुद्दीन, रिटायर्ड सैन्य अधिकारी व कांग्रेस नेता रोहित चौधरी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कुमाऊं-गढ़वाल के विधायक शामिल थे।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने जो पराक्रम दिखाया है, वह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। इस वीरता को सम्मान देने के उद्देश्य से ही यह सभा आयोजित की गई है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर सेना के नाम पर राजनीति करने और इसे चुनावी फायदे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को घेरते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर का प्रतीकात्मक विरोध भी किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा सीजफायर की घोषणा और अमेरिकी विदेश मंत्री द्वारा भारत की सैन्य कार्रवाई की पूर्व जानकारी होने का दावा चिंताजनक है। इस पर केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए।
सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और उनका जोश इस बात का संकेत था कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह से सक्रिय और उत्साहित हैं। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह न केवल सेना के साथ खड़ी है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार की जवाबदेही भी सुनिश्चित कराना चाहती है।
