हल्द्वानी - कमिश्नर दीपक रावत के छापे में कानूनगो के घर से मिला फाइलों का जखीरा, तहसील प्रशासन में मचा हड़कंप
हल्द्वानी - हल्द्वानी तहसील में लंबे समय से शिकायतों का सामना कर रहे कानूनगो अशरफ अली के घर से कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने फाइलों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को उस वक्त हुई जब कमिश्नर ने अचानक तहसील का निरीक्षण किया और फिर तहसीलदार को साथ लेकर उत्तर उजाला क्षेत्र स्थित कानूनगो के घर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, कमिश्नर को शिकायत मिली थी कि कानूनगो महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें और रजिस्ट्रार तहसील की जगह अपने घर पर रखते हैं, जिससे जांचों में जानबूझकर देरी की जाती है।
फाइलें तहसील के बजाय घर में, रिपोर्ट में होती थी देरी -
कमिश्नर दीपक रावत को छानबीन के दौरान कानूनगो अशरफ अली के घर से सरकारी दस्तावेजों और रजिस्टारों का बड़ा जखीरा मिला। आरोप है कि अशरफ अली अक्सर तहसील कार्यालय में उपस्थित न रहकर घर पर बैठकर ही रिपोर्ट तैयार करते हैं और फाइलों को दबाकर रखते हैं। इससे भूमि विवादों और राजस्व मामलों की जांच में अनावश्यक देरी होती है।
पूर्व में भी विवादों में रहे हैं कानूनगो अशरफ -
बताया जा रहा है कि कानूनगो अशरफ अली पहले भी कई विवादों में घिर चुके हैं और उन पर कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इस बार कमिश्नर के निरीक्षण के बाद उनकी कार्यशैली पूरी तरह संदेह के घेरे में आ गई है।
कमिश्नर की कार्रवाई के बाद अब तहसील प्रशासन की भूमिका भी संदेह के दायरे में आ गई है। सवाल उठ रहे हैं कि अगर एक कानूनगो महीनों से फाइलें घर पर रख रहा था, तो तहसील के अन्य अधिकारी चुप क्यों थे?
जिलाधिकारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश -
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को प्रशासनिक जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि यह जांच सिर्फ कार्रवाई का रूप लेती है या वाकई हल्द्वानी तहसील में सुधार की दिशा में कदम उठाए जाते हैं।
