हल्द्वानी - सोने के आभूषण बनाने के नाम पर लाखों की ठगी, सुनार हुआ फरार, दर्जनभर पीड़ित पहुंचे SSP ऑफिस 

 | 
हल्द्वानी - सोने के आभूषण बनाने के नाम पर लाखों की ठगी, सुनार हुआ फरार, दर्जनभर पीड़ित पहुंचे SSP ऑफिस 

हल्द्वानी - सोने के आभूषण बनाने के नाम पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आने के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग शिकायत लेकर हल्द्वानी स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचे।हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में ज्वेलरी बनाने के नाम पर ग्राहकों से लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी लेकर फरार होने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मां भगवती ज्वैलर्स का संचालक करीब 228.3 ग्राम सोना और भारी मात्रा में नकदी लेकर लापता हो गया है। महिलाओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती पत्र सौंपते हुए ज्वैलर् के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि सोमवार को जब वे मुखानी थाने में शिकायत लेकर पहुंचीं, तो थानाध्यक्ष ने उनकी बात नहीं सुनी। 

पीड़ितों के अनुसार लामाचौड़ में स्थित मां भगवती ज्वैलर्स का संचालन नरेंद्र सिंह रावत और उनकी पत्नी पूजा रावत द्वारा किया जा रहा था। दोनों मूल रूप से ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) के निवासी बताए जा रहे हैं। नरेंद्र रावत पिछले कई वर्षों से लामाचौड़ क्षेत्र में रहकर लोगों का विश्वास जीतते हुए नए गहने बनाने, पुराने जेवर ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर सोना और नकदी लेता रहा। तय समय पर आभूषण देने के बजाय आरोपी 6 फरवरी को दुकान बंद कर फरार हो गया। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।

एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में सात लोगों ने अपनी आपबीती दर्ज कराई है। पीड़ित पूरन सिंह बोहरा ने बताया कि उन्होंने 40.550 ग्राम सोने के गहने और 100 ग्राम का सोने का सिक्का ज्वेलर को सौंपा था। बसंती देवी ने 21.280 ग्राम सोना, 50 हजार रुपये नकद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। पुष्पा कन्याल ने 20 ग्राम सोना और 1.85 लाख रुपये नकद दिए, जबकि हेमलता दानू ने 26.4 ग्राम सोना, 27 हजार रुपये नकद और 48 हजार रुपये ऑनलाइन जमा कराए थे। पीड़ितों के मुताबिक वह करोड़ों रूपये लेकर फरार हो गया। 

पीड़ितों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी संपत्ति जब्त कर सोना और रकम वापस दिलाने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसओ मुखानी सुशील जोशी और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम को आरोपी की तलाश और मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now