हल्द्वानी - ब्वॉयफ्रेंड को लेकर एमबीपीजी कॉलेज में छात्राओं के बीच मारपीट, बाल नोचे जमकर चले लात-घूंसे
हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कॉलेज गेट के बाहर दो छात्राएं आपस में भिड़ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों छात्राओं ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए, बाल खींचे और नाखूनों से भी हमला किया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को कॉलेज गेट के बाहर अचानक हुए इस विवाद से वहां मौजूद छात्र-छात्राओं, सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया, जिसके बाद कुछ देर के लिए मामला शांत हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ समय बाद एक छात्रा अपने कुछ साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंच गई, जिससे फिर तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए सभी को फटकार लगाई और कॉलेज गेट के बाहर भेज दिया।
कॉलेज कर्मचारियों के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में विवाद की वजह एक युवक (बॉयफ्रेंड) को लेकर आपसी कहासुनी बताई जा रही है। साथ ही पिछले वर्ष हुए छात्रसंघ चुनाव में अलग-अलग छात्र प्रत्याशियों के समर्थन को लेकर भी दोनों के बीच बहस होने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस संबंध में एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी ने कहा कि उन्हें घटना की औपचारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में कोई छात्र-छात्रा दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
