हल्द्वानी - बड़ी खबर, डबल मर्डर से मची सनसनी, नवीन मंडी परिसर में युवक-युवती के शव बरामद

 | 
हल्द्वानी - बड़ी खबर, डबल मर्डर से मची सनसनी, नवीन मंडी परिसर में युवक-युवती के शव बरामद

हल्द्वानी - शहर के मंडी क्षेत्र में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नवीन मंडी (गल्ला मंडी) परिसर के भीतर एक युवक और युवती के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शवों के पास खून से सने ईंट और पत्थर पड़े मिले हैं। प्रथम दृष्टया दोनों के सिर कुचले हुए प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस को मृतक युवक की जेब से दो पहचान पत्र (आईडी) मिले हैं, जिनमें चंपावत और अल्मोड़ा जनपद से संबंधित दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों की शिनाख्त और आपसी संबंधों की जांच में जुटी है।

आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

डबल मर्डर की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

खबर अपडेट की जा रही है ......

WhatsApp Group Join Now