हल्द्वानी- बनभूलपुरा पुलिस की कार्रवाई, पांच वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार
हल्द्वानी - वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने वारंटियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर कैलाश (40), मो. साहिल (23), शमशेर (30), सद्दाम (35) और मो. वसीम उर्फ काली (34) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक कैलाश के खिलाफ चोरी से संबंधित धारा 379/411/41 भादवि का मामला दर्ज है। मो. साहिल के खिलाफ धारा 401 भादवि, जबकि शमशेर के खिलाफ धारा 379/511 भादवि एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
वहीं, सद्दाम और मो. वसीम उर्फ काली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी वारंटियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बबीता मेहरा, अपर उपनिरीक्षक जगत सिंह बाफिला, अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल धर्मेन्द्र रावत, लक्ष्मण राम, हरीश रावत और हेमचन्द्र डालाकोटी शामिल रहे।
