हल्द्वानी - बड़ी मंडी डबल मर्डर का खुलासा, 20 से 25 साल के 4 आरोपी गिरफ्तार, जानिए हत्या करने की क्या रही वजह 

 | 
हल्द्वानी - बड़ी मंडी डबल मर्डर का खुलासा, 20 से 25 साल के 4 आरोपी गिरफ्तार, जानिए हत्या करने की क्या रही वजह

हल्द्वानी - बड़ी मंडी क्षेत्र में युवक और युवती की निर्मम हत्या के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया।


गुरुवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और विशेष टीम गठित कर त्वरित खुलासे के निर्देश दिए।

मृतकों की पहचान- 
दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा और लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा (नैनीताल) के रूप में हुई। मृतका के परिजन की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
छेड़खानी के विरोध पर हत्या
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मी के साथ छेड़खानी की गई, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शुभम की हत्या कर दी और घटना को छिपाने के लिए लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए गए।

 

गिरफ्तार अभियुक्त-

1.    गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पुत्र स्व0 उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष
2.    सौरभ भट्ट उर्फ भटिया पुत्र विनोद चन्द्र भट्ट निवासी तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास बरेली रोड हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
3.    दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव पुत्र स्व0 नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
4.    दीपेश लटवाल उर्फ राज पुत्र बहादुर सिंह लटवाल निवासी उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोठी हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

आपराधिक इतिहास-
मुख्य आरोपी गौरव नेगी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वहीं दीपेश लटवाल के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम को इनाम
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जघन्य अपराध करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दोहरे हत्याकांड से शहर में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

WhatsApp Group Join Now