हल्द्वानी - एशियन कैडेट कप 2025 का भव्य शुभारंभ, सीएम धामी ने किया उद्घाटन, एशिया के 17 देशों के खिलाड़ी ले रहे भाग

 | 
हल्द्वानी - एशियन कैडेट कप 2025 का भव्य शुभारंभ, सीएम धामी ने किया उद्घाटन, एशिया के 17 देशों के खिलाड़ी ले रहे भाग

हल्द्वानी -  उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक खेल आयोजन की मेज़बानी की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम स्थित मानसखंड हॉल में आयोजित एशियन कैडेट कप इंडिया–2025 फेंसिंग टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 17 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा “यह आयोजन उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह राज्य की खेल संस्कृति को नई दिशा देगा और युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देगा।”

फेंसिंग टूर्नामेंट में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मेज़बानी - 
यह पहला अवसर है जब उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय फेंसिंग स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। ‘फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के तत्वावधान में आयोजित इस चार दिवसीय टूर्नामेंट में विभिन्न देशों से आए युवा फेंसर (तलवारबाज) अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विश्वस्तरीय तैयारी, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजन - 
टूर्नामेंट डायरेक्टर सागर लागू ने जानकारी दी कि भारत में पहली बार एशिया स्तर की फेंसिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इवेंट की तैयारियाँ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप की गई हैं। साथ ही, आयोजन के सफल संचालन में खेल विभाग और स्थानीय प्रशासन का पूरा सहयोग मिला है।

चार दिनों तक चलेगा टूर्नामेंट - 
यह टूर्नामेंट चार दिनों तक चलेगा, जिसमें कैडेट श्रेणी (15 से 17 वर्ष) के बालक और बालिकाएं व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता के जरिए भारत और उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त होगा।

खेलों में उत्तराखंड की बढ़ती पहचान - 
इस टूर्नामेंट का आयोजन न केवल हल्द्वानी को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर लाता है, बल्कि राज्य सरकार की 'खेलो उत्तराखंड' नीति को भी मजबूती प्रदान करता है। हाल ही में संपन्न नेशनल गेम्स के बाद यह दूसरा बड़ा आयोजन है, जिससे राज्य के खेल ढांचे को बल मिलेगा। प्रतिभागी देशभारत, जापान, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड, चीन, ईरान, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान, नेपाल सहित अन्य एशियाई देश हैं।
एशियन कैडेट कप फेंसिंग टूर्नामेंट 2025 का आयोजन उत्तराखंड के लिए न केवल एक खेल उपलब्धि है, बल्कि यह राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान को भी और मजबूत करता है। इस आयोजन के सफल संचालन से भविष्य में और भी बड़े टूर्नामेंट उत्तराखंड में कराए जाने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।

WhatsApp Group Join Now