हल्द्वानी - गौलापार में तेज रफ्तार कार का कहर, रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर, दो लोग चपेट में आए
हल्द्वानी - शहर के गौलापार क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ने हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार खान रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार को तेज गति से आ रही दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के दौरान रेस्टोरेंट से बाहर निकल रहे दो लोग भी कार की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को वाहन सहित पकड़ लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
