Government Jobs : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, 1,694 पदों पर होगी भर्ती; इस दिन से आवेदन होंगे शुरू
Government Jobs : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर आगामी परीक्षाओं और विज्ञप्तियों का कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक से लेकर स्नातक स्तरीय पदों और वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि वर्दीधारी विभागों में अकेले 1,694 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, उच्च न्यायालय के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक के पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। वहीं, विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय अर्हता वाले पदों के लिए 30 नवंबर को भर्ती विज्ञप्ति प्रकाशित की जाएगी। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अलग-अलग विभागों में अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन करने का मौका मिलेगा।
वर्दीधारी सेवाओं में 1,694 पदों पर भर्ती -
आयोग की ओर से समूह-ग के अंतर्गत वर्दीधारी सिपाही के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इसमें पुलिस विभाग, पीएसी/आईआरबी, अग्निशमन विभाग, वन विभाग, कारागार, सचिवालय, आबकारी और परिवहन विभाग के पद शामिल हैं।
भर्ती के तहत सिविल पुलिस में पुरुष कांस्टेबल के 464 और महिला कांस्टेबल के 238 पद निर्धारित किए गए हैं। पीएसी/आईआरबी में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 284 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा फायरमैन के 201, वन आरक्षी के 171 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इसी तरह कारागार विभाग में पुरुष बंदी रक्षक के 117 और महिला बंदी रक्षक के 27 पद शामिल हैं। सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इस तरह विभिन्न वर्दीधारी सेवाओं में कुल 1,694 पदों को भरा जाना है।
25 नवंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन -
इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसंबर निर्धारित की गई है। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 4 अप्रैल 2027 तय की है।
दो चरणों में पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया -
वर्दीधारी सेवाओं में चयन के लिए भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक मापदंड परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा। ऐसे में पुलिस, वन विभाग, कारागार और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं को शारीरिक दक्षता के साथ लिखित परीक्षा की तैयारी पर भी ध्यान देना होगा।
आयोग की ओर से जारी इस भर्ती कार्यक्रम से उत्तराखंड के युवाओं को सरकारी सेवा में जाने के कई अवसर मिलने जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विज्ञप्ति, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी जरूर देख लें।





