उत्तराखंड - 16 करोड़ का नया पुल 16 दिन में ही बोल गया, भारी बारिश के बाद एप्रोच रोड धंसी, उठे सवाल
देहरादून - राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर हाल ही में पुनर्निर्मित पुल भारी बारिश के बाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल पर यातायात शुरू होने के महज 16 दिन बाद पुल के समीप बड़ा धंसाव होने से प्रशासन ने एहतियातन आवाजाही रोक दी। ऐसे में पहली बारिश में ही एप्रोच रोड़ बहने से कार्यदाई संस्था पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुल के ऊपर बड़ा गड्ढा दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों में निर्माण गुणवत्ता को लेकर नाराजगी और सवाल उठने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा स्थिति का निरीक्षण किया।
हालांकि प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्य पुल पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस के अनुसार, लगातार हुई भारी बारिश के कारण पुल से जुड़ी एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी बह जाने से सड़क धंस गई, जबकि पुल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए खोलने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष बरसात में यह पुल बह गया था, जिसके बाद लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से इसका पुनर्निर्माण कराया गया। वहीं, 11 जुलाई को टौंस नदी के तेज बहाव में ह्यूम पाइप डालकर बनाई गई अस्थायी पुलिया भी बह गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने तेजी से कार्य पूरा कर 12 जुलाई से नए पुल पर यातायात शुरू कराया था।
अब एप्रोच रोड के धंसने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
