उत्तराखंड - पानी के विवाद में युवक की हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने हमलावर के घर को फूंका, इंटरनेट सेवा बंद
देहरादून - सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला इलाके में सिंचाई के पानी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में एक युवक की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। रविवार सुबह आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आगजनी और पत्थरबाजी की, जिसके बाद पुलिस प्रशासन को स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, 13 जून को बैरागीवाला क्षेत्र में खेतों की सिंचाई को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के करीब दर्जनभर लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक विनोद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद की मौत हो गई। घटना के बाद देर रात तक पीड़ित परिवार और ग्रामीण सहसपुर थाने में डटे रहे तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे। इस दौरान स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मौजूद रहे।
रविवार सुबह युवक की हत्या से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने एक आरोपी के घर में आग लगा दी, जबकि कुछ अन्य घरों के बाहर भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं।स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब इलाके में पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं। पत्थरबाजी में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित इलाके में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। पुलिस के अनुसार, उपद्रव और हिंसा के मामले में 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।
