उत्तराखंड - सेल्फी लेते समय गंगा में बहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पत्नी -बेटी के सामने हुआ हादसा, सर्च ऑपरेशन जारी

 | 
उत्तराखंड - सेल्फी लेते समय गंगा में बहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पत्नी -बेटी के सामने हुआ हादसा, सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड - ऋषिकेश में छुट्टियां मनाने आए एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गंगा किनारे सेल्फी लेते समय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर तेज बहाव में बह गया। घटना कौड़ियाला स्थित एक होटल के पास हुई, जहां गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन अपनी पत्नी और मासूम बेटी के साथ घूमने आए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जून को गाजियाबाद और फरीदाबाद से दो दोस्तों के परिवार उत्तराखंड घूमने पहुंचे थे और कौड़ियाला के एक होटल में ठहरे हुए थे। शाम के समय सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए दोनों परिवार गंगा घाट की ओर टहलने और तस्वीरें खींचने गए। इसी दौरान गंगा की लहरों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में आशीष जैन का अचानक पैर फिसल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंगा का बहाव बेहद तेज था। संभलने का मौका मिले बिना ही वह लहरों में बह गए। होटल स्टाफ उपेंद्र राणा ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को कुछ समझने का अवसर ही नहीं मिला। परिवार की चीख-पुकार के बीच तत्काल 112 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बछेलीखाल पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को बुलाया गया। अंधेरा होने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने राफ्ट के जरिए नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी के बहाव की दिशा में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। घटना की सूचना गाजियाबाद स्थित परिजनों को दे दी गई है और वे ऋषिकेश के लिए रवाना हो चुके हैं।

तोताघाटी में चारधाम यात्रा बस पलटी, कई यात्री घायल- 
वहीं, टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बदरीनाथ से ऋषिकेश आ रही चारधाम यात्रा की बस (संख्या UK04 PA 0418) तोताघाटी के पास सड़क पर पलट गई।सुबह करीब 8:30 बजे डीसीआर टिहरी को हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में ढालवाला और ब्यासी पोस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।

बस में कुल 39 यात्री सवार थे। हादसे में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पर्वतीय क्षेत्रों में नदी किनारे और यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें।

WhatsApp Group Join Now