उत्तराखंड - रिटायर्ड विंग कमांडर की शर्मनाक हरकत, बुजुर्ग मां-बाप को घर से निकाला, सामान भी बाहर फेंका 

 | 
उत्तराखंड - रिटायर्ड विंग कमांडर की शर्मनाक हरकत, बुजुर्ग मां-बाप को घर से निकाला, सामान भी बाहर फेंका 

उत्तराखंड - राजधानी देहरादून की डिफेंस कॉलोनी में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सेवानिवृत्त विंग कमांडर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने बुजुर्ग माता-पिता को घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि उसने मजदूरों को बुलाकर माता-पिता का सामान भी बाहर फिंकवा दिया। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग दंपती ने अपनी जीवनभर की कमाई से यह मकान बनवाया था, हालांकि मकान कानूनी रूप से उनके बेटे यानी रिटायर विंग कमांडर के नाम पर दर्ज है। इसी बात को लेकर लंबे समय से घर में विवाद चल रहा था।

शनिवार को विवाद उस समय बढ़ गया जब विंग कमांडर कुछ श्रमिकों के साथ घर पहुंचा और अपने वृद्ध माता-पिता को जबरन बाहर निकाल दिया। यह देख कॉलोनी में हंगामा खड़ा हो गया। डिफेंस कॉलोनी में अधिकांश सैन्य व सेवानिवृत्त अधिकारी रहते हैं, जिन्होंने इस अमानवीय व्यवहार का विरोध किया और तुरंत पुलिस व जिला प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सबसे पहले बुजुर्ग माता-पिता को घर के अंदर प्रवेश दिलाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी विंग कमांडर के खिलाफ शांति भंग करने की धारा में चालान किया।

डिफेंस कॉलोनी चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की गई है। फिलहाल बुजुर्ग सुरक्षित हैं और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। यह घटना समाज में बुजुर्गों के प्रति घटती संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

WhatsApp Group Join Now