उत्तराखंड - पुलिस मुठभेड़ में चैन स्नैचिंग का आरोपी घायल, तमंचा और लूटी गई चैन बरामद

 | 
उत्तराखंड - पुलिस मुठभेड़ में चैन स्नैचिंग का आरोपी घायल, तमंचा और लूटी गई चैन बरामद

देहरादून - बसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, स्कूटी चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें स्कूटी सवार आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था। इस संबंध में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।

तमंचा, कारतूस और लूटी गई चेन बरामद - 
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में स्कूटी को कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किया जाना बताया गया है।

पुलिस ने दावा किया कि आरोपी के पास से 14 अगस्त को हुई चेन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उसकी संभावित संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

WhatsApp Group Join Now