उत्तराखंड - विधायक से हुई लाखों रूपये की ठगी, पुरानी कार बेचने के नाम पर हड़पी रकम, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा 

 | 
उत्तराखंड - विधायक से हुई लाखों रूपये की ठगी, पुरानी कार बेचने के नाम पर हड़पी रकम, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Uttarakhand News - उत्तराखंड में विधायक से 4.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुरानी कार बेचने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने रकम हासिल की, लेकिन न तो वाहन की डिलीवरी दी और न ही पैसे लौटाए। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, खानपुर विधानसभा से विधायक उमेश कुमार शर्मा के कार्यालय प्रबंधक मोहम्मद असद खान ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि अगस्त 2025 में झारखंड के रांची निवासी ख्वाजा हुसैन ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक पुरानी मॉरिस कार बेचने का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने कार की तस्वीरें और संबंधित दस्तावेज भेजकर भरोसा दिलाया कि वाहन देहरादून में उपलब्ध करा दिया जाएगा।

बताया गया कि कार का सौदा 4.50 लाख रुपये में तय हुआ। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में कुल 4.50 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। आरोप है कि पूरी रकम मिलने के बावजूद आरोपी ने कार की डिलीवरी नहीं दी। जब संपर्क किया गया तो उसने कथित रूप से रुपये लेने की बात स्वीकार की, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।

थाना राजपुर प्रभारी पीड़ी भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी ख्वाजा हुसैन के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीद-फरोख्त करते समय पूरी जांच-पड़ताल कर ही भुगतान करें।

WhatsApp Group Join Now