उत्तराखंड - खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, अवैध खनन रोकने गए वन कर्मी को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, गंभीर घायल
देहरादून - उत्तराखंड में अवैध खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सहसपुर क्षेत्र में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वन कर्मी को कुचलने की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात वन विभाग को मोट नदी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। रेंजर के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कुछ मजदूर ट्रैक्टर ट्राली में अवैध रूप से निकाले गए पत्थर भर रहे थे।
वन विभाग की टीम ने जब ट्रैक्टर ट्राली को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दिया। आरोप है कि चालक ने वन कर्मी मोहम्मद इनाम को कुचलने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई, लेकिन हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आ गई। घायल वन कर्मी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि बाद में वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर मालिक के घर पहुंचकर वाहन को कब्जे में ले लिया। मामले में वन विभाग के रेंजर की ओर से सहसपुर कोतवाली में आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में अवैध खनन लंबे समय से जारी है और कार्रवाई के दौरान पहले भी सरकारी कर्मचारियों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
