उत्तराखंड - युवती से मिलने पहुंचे युवक की पिटाई, गले में पट्टा डालने का आरोप, 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
उत्तराखंड - हरिद्वार कनखल कोतवाली क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में परिचित युवती से मिलने पहुंचे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक के गले में पट्टा डालकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर हरियाणा के करनाल निवासी शादाब नामक युवक अपनी परिचित युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को घर से बाहर लाकर उसके गले में पट्टा डाल दिया गया और लात-घूंसों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंची युवती के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है।
हंगामे की सूचना पर कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ से छुड़ाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कनखल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि घटना के वायरल वीडियो और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
