उत्तराखंड - गलत गुर्दे का ऑपरेशन पड़ गया भारी, किशोर की मौत के मामले में 5 डॉक्टरों समेत अस्पताल संचालक पर मुकदमा

 | 
उत्तराखंड - गलत गुर्दे का ऑपरेशन पड़ गया भारी, किशोर की मौत के मामले में 5 डॉक्टरों समेत अस्पताल संचालक पर मुकदमा Doctor FIR

देहरादून - राजधानी देहरादून में चिकित्सकीय लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल हुए सहारनपुर निवासी 15 वर्षीय किशोर के उपचार के दौरान कथित रूप से गलत गुर्दे का ऑपरेशन किए जाने के बाद उसकी मौत हो गई। मामले में कोर्ट के आदेश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पांच डॉक्टरों और अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी मैनपाल के 15 वर्षीय पुत्र का 3 जुलाई 2022 को सड़क हादसे में दाहिना हाथ और दाहिना गुर्दा घायल हो गया था। घायल किशोर को देहरादून के रिस्पना पुल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद कई घंटों तक ऑपरेशन नहीं किया गया और परिजनों को बताया गया कि ऑपरेशन के लिए बाहर से डॉक्टर बुलाए गए हैं।


शिकायत के मुताबिक, 4 जुलाई की रात किशोर के दाहिने हाथ का ऑपरेशन किया गया, जबकि उसकी गंभीर चोट दाहिने गुर्दे में थी। इसके बाद 5 जुलाई को दाहिने गुर्दे की बजाय बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद किशोर की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की अनुमति मांगी, लेकिन आरोप है कि अस्पताल ने तत्काल डिस्चार्ज नहीं किया। 8 जुलाई की शाम हालत अत्यधिक गंभीर होने पर किशोर को दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।


पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके बेटे की मौत डॉक्टरों की लापरवाही के कारण हुई। उन्होंने घटना के बाद थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन चार वर्षों तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अधिवक्ता शिवा वर्मा के माध्यम से न्यायालय की शरण ली गई।
पंचम अपर सिविल जज भारती मंगलानी ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने पांच चिकित्सकों और अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now