उत्तराखंड - जंतर-मंतर में छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करना भाजपा की महिला नेता को पड़ा भारी, पार्टी ने पद से हटाया

 | 
उत्तराखंड - जंतर-मंतर में छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करना भाजपा की महिला नेता को पड़ा भारी, पार्टी ने पद से हटाया

उत्तराखंड - दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान समर्थन जताने और वहां रील बनाने के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने उत्तराखंड के नई टिहरी मंडल की अध्यक्ष मणिका राणा को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह शुभम नेगी को नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जानकारी के अनुसार, मणिका राणा जंतर-मंतर पर आयोजित छात्र प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। इस दौरान उन्होंने आंदोलन स्थल से एक रील भी बनाई, जिसके सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पार्टी ने इसे गंभीरता से लिया। सत्यापन के बाद भाजयुमो ने उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया।

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मनीष राणा ने बताया कि मणिका राणा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने तथा पिछले कुछ समय से संगठनात्मक कार्यों में उदासीनता बरतने के कारण पद से हटाया गया है। पद से हटाए जाने के बाद मणिका राणा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी पहली निष्ठा सत्य के प्रति है और राष्ट्रहित उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि यदि सत्य और देशहित के लिए उन्हें अकेले भी खड़ा होना पड़े तो वे इसके लिए तैयार हैं।

मणिका राणा ने अपने बयान में कहा कि उन्हें खुशी है कि वे देशभर के विद्यार्थियों के साथ खड़ी रहीं और उन परिवारों की आवाज़ बन सकीं जिन्होंने अपने बच्चों को खोया। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन की प्रमुख मांगें पूरी हुई हैं, जिसे वे लोकतंत्र की जीत मानती हैं। साथ ही उन्होंने सरकार के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि देर से ही सही, लेकिन सही फैसला लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई उन्हें अपने कर्तव्य और सत्य के पक्ष में आवाज़ उठाने से नहीं रोक सकती।

WhatsApp Group Join Now