उत्तराखंड - यहां आईजी अनंत शंकर की सरकारी गाड़ी हुई दुर्घटनाग्रस्त, चालक को आई नींद की झपकी, मारी टक्कर
Uttarakhand Accident - तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोमवार शाम एक सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनंत शंकर ताकवाले की सरकारी गाड़ी सात मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय नरेंद्र नगर में पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षुओं के दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में शामिल होने के बाद आईजी अनंत शंकर ताकवाले देहरादून लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे सात मोड़ के समीप देहरादून की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर उनकी सरकारी गाड़ी से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। शुरुआती क्षणों में मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।
क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि दूसरी कार के चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही आईजी की कार से टकरा गया। पुलिस ने आईजी की क्षतिग्रस्त गाड़ी को रानीपोखरी थाने भिजवा दिया है, जबकि दूसरी कार को कोतवाली ऋषिकेश लाया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
