उत्तराखंड - जंगल की आग बुझाते समय वन कर्मी की खाई में गिरकर हुई मौत, परिवार और विभाग में मचा कोहराम 

 | 
उत्तराखंड - जंगल की आग बुझाते समय वन कर्मी की खाई में गिरकर हुई मौत, परिवार और विभाग में मचा कोहराम 

उत्तराखंड - टौंस वन प्रभाग पुरोला के अंतर्गत ठडूंग बीट के जंगल में लगी आग बुझाने के दौरान वन विभाग के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से वन विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी जिले के ठडूंग बीट में तैनात वन बीट अधिकारी सोहन सिंह रावत बुधवार शाम जंगल में लगी आग पर नियंत्रण पाने के लिए श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। देर शाम आग पर काबू पाने के बाद सभी श्रमिक अपने डेरे लौट गए, जबकि सोहन सिंह रावत घर के लिए रवाना हुए। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और वन विभाग को सूचना दी।

 

वन विभाग, ग्रामीणों और परिजनों द्वारा चलाए गए खोज अभियान के दौरान सोहन सिंह रावत का शव कंडार के नीचे सिरोड़ा खड्ड के पास एक गहरी खाई में मिला। आशंका है कि आग बुझाने के बाद लौटते समय पहाड़ी रास्ते में उनका पैर फिसल गया, जिससे वह खाई में गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने देर रात शव को खाई से निकालकर पुरोला उप जिला अस्पताल पहुंचाया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उप वन संरक्षक टौंस डीपी बलूनी ने मृतक के गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

 

इस दुखद घटना पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर कार्यरत सोहन सिंह रावत ने जंगल की आग बुझाते हुए कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

WhatsApp Group Join Now