उत्तराखंड - बेकाबू बस ने पांच वाहनों को मारी जबरदस्त टक्कर, ऑटो चालक का हाथ हुआ अलग, मची अफरातफरी 

 | 
उत्तराखंड - बेकाबू बस ने पांच वाहनों को मारी जबरदस्त टक्कर, ऑटो चालक का हाथ हुआ अलग, मची अफरातफरी 

उत्तराखंड - हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू होकर एक ऑटो और चार कारों से टकरा गई। दुर्गा चौक के पास एक निजी अस्पताल के बाहर हुए हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक का हाथ अलग हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो समेत पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। गनीमत रही कि हादसे के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की अधिक भीड़ नहीं थी।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में लिया गया है। बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now