Uttarakhand Crime - प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश, प्रीति से शादी करने के लिए सुरेश ने बेच दी थी प्रॉपर्टी, जानिए कहां बिगड़ी बात
Uttarakhand Crime - ऋषिकेश में एक युवक द्वारा दरवाजा खटखटाकर महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात से शहर में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान प्रीति रावत (32) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है, जो शिवाजी नगर में किराये के कमरे में रहकर आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार यह हत्या अचानक गुस्से में नहीं बल्कि पूरी तरह सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई है। आरोपी सुरेश गुप्ता घटना स्थल पर स्कूटी से पहुंचा और वारदात को अंजाम देने के बाद अपने वाहन शहर में अलग-अलग स्थानों पर छोड़कर फरार हो गया। उसकी कार आवास विकास के समीप तथा स्कूटी नगर निगम के पास बरामद हुई है।
शातिर तरीके से फरार हुआ आरोपी -
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद सुरेश ने केवल मृतका और उसके परिजनों से ही फोन पर बातचीत की, जिससे पुलिस किसी अन्य कड़ी तक नहीं पहुंच सकी। घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी शहर से काफी दूर निकल चुका है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी का व्यवहार किसी शातिर अपराधी जैसा है, जिससे स्पष्ट होता है कि हत्या पहले से नियोजित थी। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
35 लाख की संपत्ति बेचने के बाद बढ़ा विवाद -
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेश ने प्रीति से शादी करने और ऋषिकेश में बसने के लिए लक्सर स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी थी। लेकिन इतनी रकम में मनपसंद मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिससे आरोपी अवसाद में चला गया।
शादी का दबाव और इनकार बना हत्या की वजह -
मृतका के परिजनों का आरोप है कि सुरेश प्रीति पर शादी का दबाव बना रहा था और इसी कारण उसने अपनी पत्नी को तलाक भी दे दिया था। जब प्रीति ने शादी से इनकार किया, तो आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। मृतका की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि सुरेश पहले भी प्रीति के साथ मारपीट कर चुका था और एक बार गला दबाने का प्रयास भी किया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी।
राजनीतिक नेताओं के साथ तस्वीरें -
बताया जा रहा है कि आरोपी सुरेश किसी संगठन से जुड़ा हुआ था और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर राज्यसभा सांसद, विधायक, पार्षदों सहित कई नेताओं के साथ तस्वीरें मौजूद हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
