Uttarakhand Crime - यहां शराब कैंटीन संचालक हत्याकांड, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो साथी भी दबोचे

 | 
Uttarakhand Crime - यहां शराब कैंटीन संचालक हत्याकांड, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो साथी भी दबोचे

Uttarakhand Crime - हरिद्वार जिले के ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नगला इमरती क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से फरार हुए उसके दोनों साथियों को भी पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार 21 अगस्त की रात सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में 26 वर्षीय शराब कैंटीन संचालक अमन की बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नगला इमरती गांव के पास बाइक पर तीन संदिग्ध युवक मौजूद हैं। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाकर दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। पूछताछ में सौरभ ने अमन हत्याकांड में खुद समेत तीन लोगों के शामिल होने की बात कबूल की है।

पुलिस ने उसके साथियों की पहचान अर्पित सैनी (19) पुत्र कुलबीर सैनी निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर और दीप यादव (19) पुत्र जोगिंदर यादव निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर के रूप में की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्याकांड में उनकी भूमिका तथा वारदात में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp Group Join Now