Uttarakhand Crime - इस जिले में ACMO के चालक ने किया लिव- इन पार्टनर का मर्डर, फिर आरोपी प्रेमी ने थाने में किया सरेंडर
Uttarakhand Crime – उत्तराखंड से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस हत्या को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला का करीबी मित्र बताया जा रहा है। आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मुकेश पुजारी के रूप में हुई है, जो स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है और इस समय अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (ACMO) हरिद्वार का चालक है। मुकेश ने अपनी 35 वर्षीय महिला मित्र की हत्या लोहे की रॉड से हमला कर के की।
बहस के बाद की हत्या -
बताया जा रहा है कि महिला हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में रहती थी और एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। वह मूल रूप से लक्सर की रहने वाली थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों – मुकेश और महिला – पहले से शादीशुदा थे लेकिन अपने-अपने जीवनसाथियों से अलग रह रहे थे और कई वर्षों से एक साथ रह रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, मुकेश को शक था कि उसकी महिला मित्र का किसी और व्यक्ति के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर गुरुवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इस खौफनाक वारदात में तब्दील हो गया। बहस के दौरान गुस्से में आकर मुकेश ने महिला के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाने पहुंचकर किया सरेंडर -
घटना के बाद शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे मुकेश खुद रानीपुर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को हत्या की सूचना दी। इसके बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे में महिला की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस जांच जारी है।
स्थायी कर्मचारी है आरोपी -
हरिद्वार जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरवी सिंह ने पुष्टि की है कि मुकेश पुजारी स्वास्थ्य विभाग का स्थायी कर्मचारी है और वर्तमान में ACMO का चालक है। विभाग को इस गंभीर घटना की जानकारी दे दी गई है।
फिलहाल रानीपुर कोतवाली पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की असल वजह जानने का प्रयास कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।
