उत्तराखंड - तीन मुस्लिम युवकों के साथ लिव-इन में मिलीं बीटेक की छात्राएं, एक हल्द्वानी की, हिजाब पहनी वीडियो भी मिली 

 | 
उत्तराखंड - तीन मुस्लिम युवकों के साथ लिव-इन में मिलीं बीटेक की छात्राएं, एक हल्द्वानी की, हिजाब पहनी वीडियो भी मिली 

 

उत्तराखंड - देहरादून के सुद्धोवाला क्षेत्र में तीन मुस्लिम युवकों के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही छात्राओं के मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि सुद्धोवाला क्षेत्र में कुछ छात्र-छात्राएं एक साथ रह रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां तीन युवक और छात्राएं मौजूद मिलीं। युवकों ने अपनी पहचान आकिब (गुरुग्राम), कबीर (मुरादाबाद) और एक अन्य युवक के रूप में बताई। छात्राओं ने खुद को हल्द्वानी, चमोली और पौड़ी जिले का निवासी बताया। सभी देहरादून में पढ़ाई कर रहे हैं।


बताया गया कि छात्राएं उत्तराखंड बीएफ आईटी इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी निजी संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं। मौके पर पहुंचे लोगों का दावा है कि कमरे से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। वहीं मोबाइल फोन की जांच में छात्राओं की हिजाब और बुर्का पहने तस्वीरें तथा कुछ वीडियो मिलने का भी दावा किया गया है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

पूछताछ के दौरान छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे युवकों के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। इसके बाद पुलिस ने उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत लिव-इन पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों की जानकारी मांगी। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार छात्राओं के अभिभावकों को सूचना दी।

अभिभावकों के देहरादून पहुंचने के बाद छात्राओं को उनके सुपुर्द कर दिया गया। वहीं युवकों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने संबंधित पीजी संचालक के खिलाफ भी नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की है। संगठनों ने आरोप लगाया है कि छात्राओं का धर्मांतरण कराया गया था और हिजाब में उनके वीडियो बनाए गए थे। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि सामाजिक संगठन से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now