उत्तराखंड - भाई और भाभी ने दिया जिंदगी भर का जख्म, अंग्रेज को गवांने पड़े अपने दोनों हाथ, पति- पत्नी को किया गिरफ्तार
उत्तराखंड - पारिवारिक विवाद के चलते हुई गंभीर मारपीट के मामले में पुलिस ने निर्दयी आरोपी बड़े भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के बाद यह कार्रवाई की गई। घटना में घायल युवक को गंभीर संक्रमण के चलते दोनों हाथ गंवाने पड़े।
पुलिस के अनुसार, टिहरी जिले की बालगंगा तहसील के लसियाल गांव निवासी अंग्रेज सिंह बिष्ट (25) ने 23 दिसंबर को घनसाली थाने में तहरीर दी थी। इसमें उसने आरोप लगाया कि 20 दिसंबर की रात उसके बड़े भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी ने उस पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां संक्रमण फैलने के कारण दोनों हाथ काटने पड़े।
मामला राजस्व क्षेत्र का होने के कारण नियमानुसार इसे नायब तहसीलदार के माध्यम से पुलिस को सौंपा गया। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक अनिल भट्ट को बनाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़ित की नामजद तहरीर के आधार पर आरोपी भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को 25 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
