Uttarakhand Accident - तेज रफ्तार कार ने इंजीनियरिंग छात्र की ली जान, अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, दो साथी हुए गंभीर
Uttarakhand Accident - देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में जेबीआईटी के इंजीनियरिंग छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जब सेलाकुई से सहसपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार रामपुर क्षेत्र में बड़ी मस्जिद के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।
हादसे में मुजफ्फरपुर (बिहार) निवासी सत्यम कुमार उर्फ हर्षराज (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथी विनीत (21 वर्ष, बिहार) और सौरभ सिंह (24 वर्ष, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों छात्र सहसपुर स्थित जेबीआईटी (JB Institute of Technology) में अध्ययनरत थे।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और तीनों युवक अंदर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने सत्यम को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनीत और सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्रों के लिए रेफर कर दिया गया। वर्तमान में विनीत का इलाज दून अस्पताल में और सौरभ सिंह का उपचार धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा है। दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
