उत्तराखंड - पहाड़ में छात्र-छात्रा के संदिग्ध मौत से मचा कोहराम, परिवार और ग्रामीणों में सनसनी, लटके मिले दोनों शव 

 | 
उत्तराखंड - पहाड़ में छात्र-छात्रा के संदिग्ध मौत से मचा कोहराम, परिवार और ग्रामीणों में सनसनी, लटके मिले दोनों शव 

 

 

उत्तराखंड - चमोली जिले के नंदानगर ब्लॉक के रामणी गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में खलबली मचा दी। मेला मैदान के मंच की रेलिंग से दो किशोर- किशोरी के शव फंदे से लटके मिलने से ग्रामीणों में भय और आशंका का माहौल बन गया है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दोनों शव लटके हुए मिले। मृतकों में रामणी गांव निवासी कक्षा 12 की छात्रा रिया (16) और कक्षा 11 का छात्र सुनील (17) शामिल हैं। दोनों के घर घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर हैं।  

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, और यह स्थल प्रेम प्रसंग या पारिवारिक विवाद का संकेत भी दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच दोस्ती थी और वे अक्सर साथ स्कूल जाते-जाते दिखाई देते थे। घटना के संदर्भ में कुछ लोग प्रेमप्रसंग की भी बात कर रहे हैं। वहीं, ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना दी गई है और मामले की जांच जारी है। एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। 

 

कुछ दिन पहले ही, एक और छात्रा और युवक ने परिजनों से नाराज होकर चमोली पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी थी, जिनकी तलाश अभी जारी है।  
ग्राम प्रधान ने कहा कि मामले की पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना आत्महत्या है या कोई अन्य कारण। रामणी गांव में इस घटना से माहौल गमगीन है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि मामले की सच्चाई जल्द सामने आए, ताकि परिजनों को न्याय मिल सके। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। 

WhatsApp Group Join Now