उत्तराखंड - यहां लॉ कॉलेज का लेंटर ढहा, मलबे में दबा PAC जवान गंभीर हालत में एम्स रेफर, मची अफरातफरी
उत्तराखंड - रुड़की क्षेत्र के धनोरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। कॉलेज परिसर में बाथरूम की ओर बनी बिल्डिंग का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान दूसरी मंजिल पर मौजूद पीएसी का जवान आदिल मलबे में दब गया। सूचना मिलते ही पुलिस, पीएसी के जवानों, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जवान को मलबे से बाहर निकाला गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पिरान कलियर में मेला चलने के चलते पीएसी की एक प्लाटून अमृत लॉ कॉलेज परिसर में ठहरी हुई थी। सोमवार को प्लाटून के जवान अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान जवान आदिल टॉयलेट जाने के लिए दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम की ओर गया। दोपहर करीब एक बजे अचानक बाथरूम की तरफ बने भवन का लेंटर गिर गया। लेंटर के साथ दीवारें भी भरभराकर नीचे आ गईं, जिससे जवान मलबे में दब गया।
हादसे के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। शुरुआत में पुलिसकर्मियों, पीएसी के जवानों और स्थानीय लोगों ने हाथों से मलबा हटाकर जवान की तलाश की। जब हाथों से मलबा हटाने में सफलता नहीं मिली तो मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। इसके बाद मशीन की मदद से सावधानीपूर्वक मलबा हटाया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद जवान आदिल को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि भवन का ढहा हुआ हिस्सा काफी पुराना था। हालांकि, लेंटर अचानक गिरने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद भवन की स्थिति और निर्माण की मजबूती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


