उत्तराखंड - यहां प्रसव के बाद महिला की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप

 | 
उत्तराखंड - यहां प्रसव के बाद महिला की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप

उत्तराखंड - राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के बावजूद पहाड़ी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्पेस साइंस के युग में भी पहाड़ों के लोग स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। गढ़वाल मंडल के टिहरी गढ़वाल जिले के पीएचसी पिलखी में प्रसव के बाद एक महिला की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

क्या है पूरा मामला -
घनसाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेम बासर निवासी रवीना कठैत (22 वर्ष) पत्नी कुलदीप कठैत को गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी लेकर पहुंचे, जहां सुबह करीब 8 बजे उन्होंने बच्चे को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि देर शाम महिला को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान शुक्रवार को महिला की मौत हो गई।

परिजनों का आरोप - 
महिला के पति कुलदीप कठैत ने बताया कि रात में जब पत्नी की हालत बिगड़ी, तब अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, केवल वार्ड बॉय ही ड्यूटी पर था। उनका कहना है कि समय पर उचित इलाज मिलता तो रवीना की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पहले भी हुई थी ऐसी घटना - 
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी अस्पताल में 6 सितंबर को भी एक महिला की डिलीवरी हुई थी, जिसकी 15 सितंबर को मौत हो गई थी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और लोग स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

सीएमओ टिहरी गढ़वाल का बयान - 
सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला को पहले से हृदय संबंधी बीमारी थी और उसकी बाईपास सर्जरी भी हुई थी। परिजनों ने यह जानकारी अस्पताल को नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि प्रसव के 24 घंटे बाद महिला को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उसे ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ 108 एंबुलेंस में श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
 

 

WhatsApp Group Join Now