उत्तराखंड - हाईवे पर हुड़दंग, थार चालक ने मेडिकल छात्रों और बस चालक को कुचलने का किया प्रयास

 | 
उत्तराखंड - हाईवे पर हुड़दंग, थार चालक ने मेडिकल छात्रों और बस चालक को कुचलने का किया प्रयास Crime news

उत्तराखंड - हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर रायवाला के समीप मोतीचूर में एक थार चालक ने हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट के मेडिकल छात्रों और बस चालक के साथ कथित तौर पर अभद्रता करते हुए उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। इंस्टीट्यूट कर्मचारी की तहरीर पर रायवाला पुलिस ने अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली रायवाला के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत के अनुसार, गुरुवार शाम हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट की बस मेडिकल छात्रों को लेकर हरिद्वार जा रही थी। इसी दौरान एक थार बार-बार बस को ओवरटेक कर रही थी। मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक गुरुमुख सिंह ने थार को रुकवाया और चालक से बार-बार ओवरटेक करने को लेकर आपत्ति जताई।

विवाद के बाद थार चालक ने दौड़ा दिया वाहन - 

बताया गया कि बस चालक की आपत्ति के बाद थार चालक कथित तौर पर हेकड़ी दिखाने लगा। इसी दौरान बस में सवार कुछ मेडिकल छात्र भी नीचे उतर आए और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। बस में बैठी एक छात्रा पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रही थी। आरोप है कि इसी दौरान थार चालक ने अचानक वाहन वहां खड़े लोगों की ओर दौड़ा दिया। वाहन को अपनी ओर आता देख छात्रों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया। इस दौरान बस चालक गुरुमुख सिंह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

वीडियो में कैद हुआ घटनाक्रम - 

घटना के दौरान बस में बैठी छात्रा की ओर से बनाए गए वीडियो में थार चालक द्वारा बस चालक की ओर वाहन बढ़ाते हुए दिखाई देने का दावा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। कनखल, हरिद्वार निवासी अस्पताल कर्मचारी प्राची शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसकी पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

WhatsApp Group Join Now