उत्तराखंड - आकाशीय बिजली का कहर, यहां 500 बकरियों की दर्दनाक मौत, भेड़पालकों पर टूटा संकट

 | 
उत्तराखंड - आकाशीय बिजली का कहर, यहां 500 बकरियों की दर्दनाक मौत, भेड़पालकों पर टूटा संकट

उत्तराखंड - जनपद चमोली के दशोली विकासखंड स्थित निजमुला घाटी में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार गौणा-भनाली तोक क्षेत्र में अचानक मौसम खराब होने के दौरान तेज बारिश और गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिरी। इस अप्रत्याशित घटना ने भेड़पालकों की सालों की मेहनत को पलभर में खत्म कर दिया। प्रभावित लोगों में राकेश सिंह, हुकम सिंह और मदन लाल समेत कई भेड़पालक शामिल हैं।


पीड़ितों ने बताया कि उनकी आजीविका पूरी तरह पशुपालन पर निर्भर है और इतनी बड़ी संख्या में बकरियों की मौत से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मौसम विभाग द्वारा 3 से 5 मई तक जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, जिसमें तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई थी।


निजमुला घाटी क्षेत्र भेड़ पालन के लिए प्रसिद्ध है और यहां के अधिकांश परिवार इसी पर निर्भर हैं। ऐसे में इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मायूसी का माहौल है। पीड़ित भेड़पालकों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लगातार खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

WhatsApp Group Join Now