उत्तराखंड के वीर सपूत लांस नायक सुरेंद्र सिंह ड्यूटी के दौरान शहीद, पूरे सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

 | 
उत्तराखंड के वीर सपूत लांस नायक सुरेंद्र सिंह ड्यूटी के दौरान शहीद, पूरे सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

Lance Naik Martyr Surender Singh- उत्तराखंड के चमोली जिले के वाण गांव से ताल्लुक रखने वाले भारतीय सेना के जवान लांस नायक सुरेंद्र सिंह के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। गढ़वाल स्काउट में तैनात सुरेंद्र सिंह की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन गहरे सदमे में चले गए। मृतक जवान का पार्थिव शरीर मंगलवार की रात गांव पहुंचाया गया, जहां उन्हें देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

लांस नायक सुरेंद्र सिंह गढ़वाल स्काउट में जोशीमठ में तैनात थे और अनुशासन तथा कर्तव्यपरायणता के लिए जाने जाते थे। वे अविवाहित थे और अपने पीछे माता-पिता, दो भाई और एक बहन को छोड़ गए हैं। जवान की मौत से पूरे वाण गांव में मातम छा गया है। गांववालों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके बलिदान को याद करते हुए कहा कि सुरेंद्र सिंह ने अपने जीवन को राष्ट्रसेवा में समर्पित कर दिया। गांव के लोग उनकी सादगी, बहादुरी और व्यवहार-कुशलता को हमेशा याद रखेंगे।

सुरेंद्र सिंह की अंतिम यात्रा में ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और सेना के जवानों ने भाग लिया। सेना ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम सलामी दी। हर आंख नम थी, हर दिल गर्व से भरा था।
 

WhatsApp Group Join Now