उत्तराखंड - यहां पति ने सोती हुई पत्नी का कम्बल से मुंह दबाकर की हत्या, चार महीने पहले हुई थी शादी, जानिए वजह
Uttarakhand Crime - राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी को थाना नेहरू कॉलोनी में सलमान आसिफ पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी अपर बाजार रुद्रप्रयाग ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहवाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के साथ हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही कहकशा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि 3 मार्च 2026 को उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पति और उसके परिवार ने मिलकर उनकी बहन की हत्या की है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चूंकि मृतका की शादी को केवल चार माह ही हुए थे, इसलिए संबंधित मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई की गई और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 5 मार्च 2026 को मृतका के पति शहवाज आलम (29) निवासी रिस्पना नगर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ घरवालों ने कराई थी। वह चाहता था कि उसकी शादी किसी अधिक पढ़ी-लिखी लड़की से हो, जिससे अधिक दहेज मिल सके। इसी वजह से उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
आरोपी के अनुसार, 3 मार्च की रात जब उसकी पत्नी सो रही थी, तब उसने मौका देखकर कम्बल से उसका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह उसे अस्पताल लेकर गया और बीमारी से मौत होने का नाटक करने की कोशिश की। लेकिन अस्पताल की सूचना पर पुलिस को शक हुआ और मामले की जांच में सच्चाई सामने आ गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
