उत्तराखंड - प्रसाद समझकर खा ली आटे में मिलाकर रखी चूहे मारने की दवा, यहां चार मासूम अस्पताल में भर्ती
उत्तराखंड - ऋषिकेश से सटे टिहरी गढ़वाल जिले के ढालवाला क्षेत्र में एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां चार मासूम बच्चों ने घर में रखी चूहे मारने की दवा को कथा का प्रसाद समझकर खा लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी बच्चों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 9, 7, 6 और 5 में पढ़ने वाले चार बच्चे घर में अकेले थे। इसी दौरान उन्होंने आटे में मिलाकर रखी गई चूहे मारने की दवा को प्रसाद समझ लिया। बच्चों ने उसमें चीनी मिलाई और उसे खा लिया। कुछ देर बाद सभी बच्चों को उल्टियां होने लगीं। जब बच्चों के पिता घर लौटे तो बच्चों की हालत देखकर घबरा गए। पूछने पर बच्चों ने बताया कि उन्होंने “प्रसाद” खाया है। जांच करने पर पता चला कि वह चूहे मारने की दवा थी। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने बिना देर किए चारों बच्चों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्चों में तीन लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। सभी आपस में चचेरे भाई-बहन हैं। अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पंत ने बताया कि बच्चों का तुरंत इलाज शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार है। फिलहाल बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। परिजनों के मुताबिक घटना के समय घर पर कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। बच्चों की यह मासूम गलती बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी। घटना के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है।
