उत्तराखंड - पूर्व विधायक के बेटे की दबंगई, गनर से साथ मिलकर पूर्व मुख्य सचिव के बेटे से मारपीट, हाईप्रोफाइल हुआ मामला
Uttrakhand Crime - हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला उनके बेटे दिव्य प्रताप सिंह से जुड़ा है। आरोप है कि दिव्य प्रताप और पूर्व विधायक के गनर ने देहरादून में उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे आर. यशोवर्धन के साथ मारपीट की।
पीड़ित यशोवर्धन ने 15 नवंबर को थाना राजपुर, देहरादून में शिकायत दर्ज कराई कि 14 नवंबर की रात वह दिलाराम चौक से साईं मंदिर की ओर जा रहे थे। पैसिफिक मॉल के पास पीछे से आ रही दो कारें उन्हें ओवरटेक करना चाहती थीं, लेकिन जगह कम होने की वजह से वह साइड नहीं दे पाए। मसूरी डायवर्जन पर एक सफेद लैंड क्रूजर और बोलेरो ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद एक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद पुलिस गनर वाहन से उतरे।
शिकायत के अनुसार, अन्य युवकों ने भी कार से उतरकर उन्हें गाड़ी से बाहर खींचा और मारपीट की। गनर ने उन्हें सड़क पर गिराकर लातें मारीं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें और उनके चालक को जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान गनर ने पीड़ित की शर्ट पर लगे राष्ट्रीय ध्वज पर भी लात मारी और हमलावर वहां से फरार हो गए।
देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पहचान पूर्व विधायक चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह और उनके गनर राजेश सिंह के रूप में हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद हरिद्वार एसएसपी ने गनर राजेश सिंह को निलंबित कर दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे जांच कर रही है।
