उत्तराखंड - भाजपा के पूर्व विधायक का विवादित बयान, बोले मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे
उत्तराखंड - हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता का एक बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। इसी दौरान मतदाताओं से जुड़ी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में कीड़े पड़ेंगे।” उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी समेत कई भाजपा नेता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी के बीच संजय गुप्ता ने अपने विधायक कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए क्षेत्र में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए। उन्होंने दावा किया कि पहले क्षेत्र में करीब 20 फीट की गहराई पर भी गंदा पानी मिलता था, जबकि उनके कार्यकाल में लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराया गया।
इसी क्रम में उन्होंने वोट को लेकर उक्त टिप्पणी की। हालांकि, उन्होंने यह बात किस संदर्भ में और किस भावना से कही, इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों के बीच भी उनका यह बयान चर्चा का विषय बन गया।

