उत्तराखंड - किशाऊ बांध परियोजना को लेकर यूपी-उत्तराखंड समेत छह राज्यों के सीएम ने किए समझौते पर हस्ताक्षर
उत्तराखंड - ऊपरी यमुना बेसिन में प्रस्तावित 660 मेगावाट की किशाऊ बांध परियोजना को लेकर छह राज्यों के बीच समझौता हुआ है। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
करीब 15 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली यह परियोजना ऊपरी यमुना बेसिन की महत्वपूर्ण जल एवं ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है। परियोजना में 1,324 मिलियन घन मीटर पानी के भंडारण की क्षमता प्रस्तावित है। इससे जल संरक्षण के साथ पेयजल आपूर्ति, सिंचाई और बिजली उत्पादन में मदद मिलेगी।
किशाऊ परियोजना के तहत 660 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाना है। छह राज्यों के बीच हुए इस समझौते को परियोजना के आगे बढ़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना से संबंधित राज्यों को लंबे समय में जल और ऊर्जा के क्षेत्र में लाभ मिलने की उम्मीद है।


