उत्तराखंड में सनसनीखेज वारदात, भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, हमलावर हुए फरार

 | 

देहरादून — राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पीपल चौक माण्डुवाला में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने रोहित नेगी पर गोली चलाकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के मित्र अभिषेक बर्तवाल (निवासी तिलवाड़ी, थाना सेलाकुई) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 2 जून की देर रात वह अपने दोस्तों के साथ कार में पीपल चौक माण्डुवाला में मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे, जिनमें से एक ने उनकी गाड़ी पर सामने से फायरिंग कर दी। गोली सीधे रोहित नेगी की गर्दन पर जा लगी।
घायल अवस्था में रोहित को तत्काल ग्राफिक एरा अस्पताल, झाझरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अभिषेक बर्तवाल की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात आपसी जान-पहचान और रंजिश के चलते अंजाम दी गई।

जानकारी के मुताबिक, मृतक रोहित अपने एक दोस्त, उसकी महिला मित्र और अन्य साथियों के साथ नयागांव में एक दोस्त के घर पर था। इसी दौरान उक्त महिला मित्र के पास आरोपी का फोन आया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी विवाद के चलते आरोपी ने आवेश में आकर फायरिंग की, जिससे रोहित की जान चली गई।

पुलिस ने हत्या के सभी संभावित कारणों और संलिप्त व्यक्तियों की गहन जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

यह घटना क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना रही है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now