उत्तराखंड - विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार, जानिए किस काम के लिए मांगे थे पैसे
उत्तराखंड - देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फैसल खान के रूप में हुई है, जो पशुलोक बैराज से जुड़े कार्यों में तैनात बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पशुलोक बैराज में हुए एक टेंडर कार्य के भुगतान के बदले आरोपी जेई ने संबंधित ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ठेकेदार ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की, जिसके बाद विजिलेंस ने गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद एसपी विजिलेंस के निर्देशन में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी फैसल खान को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। विजिलेंस अधिकारियों ने साफ कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
