उत्तराखंड - हरिद्वार में मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या, गांव में दहशत का माहौल
Uttarakhand Crime - हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भोगपुर गांव स्थित एक निजी मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने घुसकर पुजारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। रविवार सुबह मंदिर के अंदर पुजारी का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजवीर के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के गोधना गांव (पुरकाजी) का निवासी था। वह पिछले करीब तीन महीनों से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और साफ-सफाई का कार्य कर रहा था।
मंदिर के मालिक संजय सैनी के अनुसार, शनिवार शाम को उनकी पुजारी से बातचीत हुई थी और तब सब कुछ सामान्य था। पुजारी ने किसी भी तरह की परेशानी से इनकार किया था। ऐसे में अचानक हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुजारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं।
लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
