उत्तराखंड - मलबा हटाने गई JCB मशीन के ऊपर भरभराकर गिरा पहाड़, ऑपरेटर ने बमुश्किल मचाई जान 

 | 
उत्तराखंड - मलबा हटाने गई JCB मशीन के ऊपर भरभराकर गिरा पहाड़, ऑपरेटर ने बमुश्किल मचाई जान 

 

 

उत्तराखंड - पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। बुधवार सुबह ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर फूलचट्टी पटना वॉटरफॉल के समीप सुरंगीभेल में पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। करीब साढ़े नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम ने मलबा हटाकर दोपहर करीब 2:30 बजे यातायात सुचारू कराया।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब पांच बजे फूलचट्टी पटना वॉटरफॉल के समीप अचानक पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया। इससे कांडी, यमकेश्वर और सिलोगी मोटर मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों के साथ ही नीलकंठ धाम आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी थम गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग दुगड्डा उपखंड कार्यालय, लक्ष्मणझूला को दी।

सूचना मिलते ही लोनिवि की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक दोबारा मलबा आने से जेसीबी मशीन भी उसकी चपेट में आ गई। मलबा गिरने से पहले जेसीबी ऑपरेटर ने मशीन से कूदकर अपनी जान बचाई। मलबे में दबने के बाद जेसीबी मशीन भी खराब हो गई।

इसके बाद लोनिवि अधिकारियों ने दूसरी जेसीबी मशीन की मदद से मलबे में फंसी मशीन को बाहर निकाला। इसके बाद दूसरी जेसीबी से सड़क पर जमा मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। सड़क पर लगातार मलबा आने की आशंका को देखते हुए पुलिस और लोनिवि की टीम ने भी सतर्कता बरती।

मार्ग बंद होने के कारण थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने नीलकंठ धाम की ओर जाने वाले वाहनों को गरुड़चट्टी पर रोक दिया। वहीं ऋषिकेश की ओर आने वाले वाहनों को पटना वॉटरफॉल से करीब एक किलोमीटर पहले रोक दिया गया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

करीब साढ़े नौ घंटे बाद दोपहर 2:30 बजे मलबा हटाकर मार्ग पर यातायात बहाल किया गया। लोक निर्माण विभाग दुग्गड़ा उपखंड लक्ष्मणझूला के अवर अभियंता शशि प्रकाश ने बताया कि फिलहाल यातायात सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मलबे के कारण सड़क के एक हिस्से में कटिंग का काम भी किया जाना है। वाहनों का दबाव कम होने के बाद सड़क कटिंग का कार्य तेजी से कराया जाएगा।

साढ़े नौ घंटे परेशान रहे यात्री - 
सड़क बंद होने के कारण यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्वतीय क्षेत्रों से रोजमर्रा का सामान खरीदने ऋषिकेश बाजार आने वाले ग्रामीण भी मार्ग बंद होने से जाम में फंसे रहे। आमतौर पर पर्वतीय रूटों से आने वाले वाहन सुबह करीब नौ बजे ऋषिकेश पहुंचने के बाद दोपहर एक बजे अपने गंतव्य की ओर लौट जाते हैं, लेकिन बुधवार को मार्ग बाधित होने के कारण वाहनों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

वहीं मोटर मार्ग बाधित होने से लक्ष्मणझूला टूरिस्ट टैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन के वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। मार्ग खुलने के बाद ही टैक्सी यूनियन ने नीलकंठ धाम के लिए वाहनों का संचालन दोबारा शुरू किया। सड़क खुलने के बाद यात्रियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

WhatsApp Group Join Now