उत्तराखंड - यहां हो गया बड़ा सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बस, 8 यात्रियों की मौत, 26 घायल, PM और CM ने जताया दुःख
Uttarakhand Accident - उत्तराखंड के ऋषिकेश में बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान के मुताबिक, हादसा भोर के समय गूलर बाजार के पास हुआ। बस 32 सीटर थी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल यात्रियों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीएम धामी ने जताया दुख -
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पीएम मोदी ने भी जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ऋषिकेश में हुए बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घायलों की सूची
मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका, झारखंड।
राहुल कुमार (24), निवासी पटना, बिहार।
अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
अर्जुन सौरन (34), निवासी दुमका, झारखंड।
बुधन मुर्मू (50), निवासी दुमका, झारखंड।
आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
राजकुमार (32), निवासी दुमका, झारखंड।
जतिन (21), निवासी शाहदरा, दिल्ली।
पंकज नेगी (31), निवासी रुद्रप्रयाग।
संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग, चमोली।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।




